5 दिन से धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती, फैंस में चिंता, टीम ने दी जानकारी
- ANH News
- 5 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र को लेकर खबर आई है कि उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 89 वर्षीय फिल्म स्टार रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल में हैं, लेकिन इस खबर ने उनके फैंस में चिंता पैदा कर दी है। पिछले कुछ दिनों से फिल्म इंडस्ट्री को लगातार दुखभरी खबरों का सामना करना पड़ रहा है। अक्टूबर 2025 में ही पंकज धीर, गोवर्धन असरानी और सतीश शाह जैसे दिग्गज कलाकार इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं।

सूत्रों के मुताबिक, धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती हुए 4-5 दिन हो चुके हैं। उनकी हाल ही में अप्रैल में भी अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई थी, जब उनकी आंख की सर्जरी हुई थी। इस बार की भर्ती पूरी तरह रूटीन चेकअप के लिए है। धर्मेंद्र के परिवार से जुड़े करीबी सूत्रों ने बताया कि उम्र बढ़ने के कारण यह नियमित प्रक्रिया है और इसमें कोई गंभीर या घबराने वाली बात नहीं है।
धर्मेंद्र की टीम ने भी बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि एक्टर पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनका अस्पताल में होना केवल नियमित स्वास्थ्य जांच से जुड़ा है। जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ती जा रही है, समय-समय पर चेकअप करना जरूरी हो जाता है। धर्मेंद्र 8 दिसंबर को 90 साल के हो जाएंगे।
काम के मोर्चे पर धर्मेंद्र जल्द ही फिल्म 'इक्कीस' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी हैं। इससे पहले वे पिछले साल आई फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' में नजर आए थे। इस बीच उनके फैंस उनके स्वस्थ और सक्रिय रहने की कामना कर रहे हैं।





