top of page

बदरी-केदार मंदिर समिति में बढ़ा बीडी सिंह का कद, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार नियुक्त

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 29 जुल॰
  • 2 मिनट पठन
ree

उत्तराखंड सरकार ने सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी एवं पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बीडी सिंह को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार (अवैतनिक) नियुक्त किया है। इससे पूर्व वे बीकेटीसी में सलाहकार के पद पर कार्यरत थे, लेकिन अब उनके अनुभव और पिछले सफल कार्यकाल को देखते हुए उनका पद एवं कद बढ़ा कर मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार बनाया गया है। इस नियुक्ति की आधिकारिक अधिसूचना 24 जुलाई 2025 को जारी की गई है।


बीडी सिंह ने अपने लंबित और सफल कार्यकाल के दौरान चारधाम यात्रा, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के संचालन एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शासन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि बीडी सिंह को उनके कार्य-निष्पादन हेतु आवश्यक सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन प्रभावी ढंग से कर सकें।


बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का स्वागत, संगठन प्रमुखों ने जताया आभार

बदरीनाथ एवं केदारनाथ के तीर्थ पुरोहित समाज के साथ-साथ मंदिर समिति कर्मचारियों के संघ के अध्यक्ष विजेंद्र विष्ट, सचिव भूपेंद्र रावत, उपाध्यक्ष रविंद्र भट्ट एवं अन्य पदाधिकारियों ने इस नियुक्ति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बीडी सिंह के अनुभव को चारधाम यात्रा एवं मंदिर समिति के लिए अमूल्य बताया है।


बदरी-केदार मंदिर समिति में विवादों के बीच बीडी सिंह की नियुक्ति

बदरी-केदार मंदिर समिति अक्सर अपने निर्णयों और प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रही है। पूर्व कार्यकाल में अध्यक्ष अजेंद्र अजय के दौरान कई विवाद हुए थे, वहीं वर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल में भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में समिति के अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों द्वारा प्रतिबंधित होते हुए केदारनाथ में हेलीकॉप्टर उड़ाने की घटना ने भी विवादों को हवा दी है।


विपक्ष ने इस मामले में समिति के जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमों की अवहेलना के गंभीर आरोप लगाए हैं। ऐसे में बीडी सिंह की नियुक्ति को प्रशासनिक सुधार और मंदिर समिति के सुचारू संचालन की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


बीडी सिंह का प्रशासनिक अनुभव और भूमिका

बीडी सिंह लंबे समय तक बदरी-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे हैं। वन सेवा अधिकारी के रूप में उनके समृद्ध अनुभव और मंदिर समिति के संचालन की समझ ने उन्हें इस महत्वपूर्ण सलाहकार पद के लिए उपयुक्त बनाया है। मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार के रूप में उनकी जिम्मेदारी चारधाम यात्रा एवं मंदिर समिति के प्रबंधन में रणनीतिक मार्गदर्शन देना होगा।

bottom of page