Uttarakhand: चमोली हिमस्खलन में 50 मजदूर निकाले, 4 की मौत, पांच की तलाश जारी
- ANH News
- 1 मार्च
- 2 मिनट पठन

चमोली में हुए हिमस्खलन पर अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अचानक देहरादून स्थित आपदा परिचालन केंद्र का दौरा किया, जहां उन्होंने अधिकारियों से हिमस्खलन की घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद, रात को भी वह फिर से केंद्र पहुंचे और बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर दुख जताते हुए कहा कि चमोली जिले के माणा गांव के पास बीआरओ द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का समाचार मिला है। राहत और बचाव कार्य के लिए आईटीबीपी, बीआरओ और अन्य बचाव दलों द्वारा तुरंत प्रयास किए जा रहे हैं।
प्राथमिकता: प्रभावितों की सुरक्षा
मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आईटीबीपी, सेना, जिला प्रशासन, वायुसेना और अन्य एजेंसियां मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हालांकि, खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण फिलहाल हेलीकॉप्टर से राहत कार्य संभव नहीं हो पा रहा है, लेकिन स्नो एक्सपर्ट्स की सेवाएं ली जा रही हैं। आईटीबीपी की विशेष टीमें लगातार बचाव कार्यों में सक्रिय हैं।
राज्य और केंद्र सरकार में समन्वय
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्री, और रक्षा मंत्री से बातचीत हो रही है। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि यदि रेस्क्यू अभियान के लिए किसी अतिरिक्त एजेंसी की जरूरत पड़ी, तो तुरंत मदद ली जाएगी।
57 मजदूर फंसे, अब तक 38 को बचाया गया
एसडीआरएफ के अनुसार, हिमस्खलन के दौरान निर्माण कार्य में लगे 57 मजदूर बर्फ में दब गए थे। अब तक 32 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी मजदूरों की तलाश जारी है।