धराली के आंसुओं को पोंछने पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, एक पिता की तरह दिया स्नेह और सहारा
- ANH News
- 7 अग॰
- 2 मिनट पठन

उत्तराखंड के धराली गांव में आई विनाशकारी आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीधे आपदा स्थल का दौरा कर पीड़ितों के दुख-दर्द को नजदीक से महसूस किया। भारी बारिश और भूस्खलन की दुश्वारियों के बीच मुख्यमंत्री का ग्राउंड जीरो पर पहुंचना एक संवेदनशील और प्रेरक कदम साबित हुआ। धराली के गांववासियों से मिलकर, उनके आंसूओं में उनकी पीड़ा को साझा करते हुए, उन्होंने हर पीड़ित परिवार को सरकार का भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं।
धामी ने प्रभावितों से गले लगाकर और हाथ थामकर उनका मनोबल बढ़ाया, जिससे गांववालों की आंखों में उम्मीद की चमक फिर से जग गई। उनकी इस मानवीय संवेदना ने राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक गति दी है। मुख्यमंत्री के मोर्चे पर तैनात होने से राज्य सरकार के सभी विभागों, केंद्रीय एजेंसियों, सेना और सुरक्षा बलों के बीच समन्वय और भी मजबूत हुआ है।

आपदा स्थल पर मुख्यमंत्री का दो दिवसीय प्रवास, राहत कार्यों की समीक्षा
धराली में आई आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आंध्र प्रदेश दौरे को बीच में छोड़कर तुरंत उत्तराखंड लौटना चुना। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वे उत्तरकाशी पहुंचे और प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। इसके बाद वे सीधे धराली पहुंचे, जहां वे लगभग एक घंटे तक ग्रामीणों के बीच रहे। गांववासियों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे स्वयं उत्तरकाशी भी जाएं, ताकि मौसम और बिगड़ने की स्थिति में वे सुरक्षित लौट सकें। यह दृश्य अत्यंत भावुक कर देने वाला था, जिसमें मुख्यमंत्री कुछ देर तक मौन रह गए।

समन्वित राहत कार्यों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक बैठक
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में नदी के बढ़े जलस्तर और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए और राहत-बचाव कर्मियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी एजेंसियों, विभागों, सेना और आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद वे वर्चुअल माध्यम से देहरादून स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र में मौजूद शासन एवं पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ जुड़कर लगातार हो रही बारिश और आपदा से निपटने की तैयारियों की रिपोर्ट प्राप्त करते रहे।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश में आपदा की नवीनतम जानकारी ली और बंद सड़कों को प्राथमिकता से खोलने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी लिया मुख्यमंत्री से आपदा की जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बुधवार सुबह फोन पर बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने धराली क्षेत्र की आपदा और राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
प्रधानमंत्री ने इस कठिन समय में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया और आश्वस्त किया कि आवश्यक संसाधन एवं समर्थन तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे।
आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वयं मोर्चा संभालना न केवल प्रभावितों के लिए आश्वासन का प्रतीक है, बल्कि राज्य और केंद्र सरकार के मजबूत समन्वय को भी दर्शाता है। कठिन मौसम, भूस्खलन और मलबे की बाधाओं के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य निरंतर जारी हैं। यह प्रयास प्रभावितों के जीवन में पुनः उम्मीद की किरण जगाने का संकल्प लेकर किया जा रहा है।





