चमोली: सारकोट की 21 वर्षीय प्रियंका नेगी बनी सबसे युवा ग्राम प्रधान, सीएम ने दी बधाई
- ANH News
- 1 अग॰
- 2 मिनट पठन

चमोली जिले के गैरसैंण ब्लॉक के मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट की कमान अब सबसे युवा और उत्साही महिला ग्राम प्रधान, 21 वर्षीय प्रियंका नेगी के हाथों में है। हाल ही में सम्पन्न चुनाव में प्रियंका नेगी ने भारी मतों के अंतर से अपनी प्रतिद्वंद्वी प्रियंका देवी को हराकर जीत हासिल की। प्रियंका नेगी को कुल 421 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी को 235 मत मिले। इससे पूर्व 2014 से 2019 तक इस गांव की ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी उनके पिता, पूर्व प्रधान राजे सिंह नेगी के पास थी।
नव निर्वाचित ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है, जिसका परिणाम भी तीन दिन पहले ही घोषित हुआ है।
गांव की विशेषता यह है कि सारकोट को प्रदेश सरकार द्वारा मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सारकोट को आदर्श गांव घोषित करते हुए इसके विकास पर विशेष ध्यान दिया है। गांव में वर्तमान में 300 से अधिक परिवार निवासरत हैं और यहां पलायन नहीं हो रहा है, जो इसे एक मजबूत ग्रामीण समाज का उदाहरण बनाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रियंका नेगी को फोन कर जीत की बधाई दी और कहा कि वे मिलकर गांव के समग्र विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने सारकोट के सभी ग्रामीणों को उनके सक्रिय और सकारात्मक मतदान व्यवहार के लिए भी शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के उच्च अधिकारी जल्द ही गांव का निरीक्षण करेंगे ताकि विकास कार्यों को और गति दी जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी को गांव में चल रहे विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने, महिलाओं को सशक्त बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर देने को कहा। मुख्यमंत्री ने उन्हें देहरादून भी आमंत्रित किया ताकि राज्य स्तरीय योजनाओं और संसाधनों को गांव तक बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सके।
प्रियंका नेगी ने अपने संक्षिप्त भाषण में कहा कि वे मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में गांव के विकास कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएंगी। महिलाओं को जागरूक बनाना और उन्हें हर क्षेत्र में सक्रिय रूप से शामिल करना उनकी प्राथमिकता रहेगी ताकि गांव का सामाजिक और आर्थिक स्वरूप और अधिक मजबूत हो।
पूर्व प्रधान और प्रियंका के पिता राजे सिंह नेगी ने कहा कि वे अपनी बेटी के हर संभव प्रयास में साथ हैं और गांव के विकास के लिए पूरी निष्ठा से सहयोग करेंगे।
सारकोट गांव की इस नई नेतृत्व के साथ गैरसैंण का भविष्य उज्जवल नजर आ रहा है। युवाओं और महिलाओं को आगे बढ़ाने की यह पहल न केवल गांव बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है।





