महिला शक्ति को सीएम धामी का सलाम, कहा- अवसर मिले तो बदल सकती हैं प्रदेश की तस्वीर
- ANH News
- 5 अग॰
- 1 मिनट पठन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय से राज्यभर के 95 विकासखंडों में 'सीएम सशक्त बहना उत्सव योजना' का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़कर आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज मातृशक्ति न केवल अपने परिवार को सशक्त बना रही है, बल्कि पूरे राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में महिला समूहों द्वारा बनाए गए स्थानीय उत्पादों व राखियों के स्टॉल का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूहों की मेहनत की सराहना की। इस दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा:
“उत्तराखंड की 1.63 लाख से अधिक बहनों ने 'लखपति दीदी' बनकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया इतिहास रचा है। यह हमारी मातृशक्ति की लगन, मेहनत और आत्मविश्वास का परिणाम है। यदि महिलाओं को सही अवसर, संसाधन और समर्थन मिले, तो वे स्वयं के साथ-साथ समाज और प्रदेश के विकास में अद्वितीय योगदान देने में सक्षम हैं।”
सीएम धामी ने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और विपणन (मार्केटिंग) को बेहतर बनाने के लिए एक मजबूत इको सिस्टम तैयार किया गया है। इसी क्रम में राज्य में 49 ग्रोथ सेंटरों की स्थापना की गई है, जो ग्रामीण उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, महिला समूहों की प्रतिनिधि बहनें और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





