top of page

Uttarakhand: द्रौपदी मुर्मू ने किया राष्ट्रपति निकेतन और तपोवन का उद्घाटन

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 21 जून
  • 2 मिनट पठन
ree

उत्तराखंड: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने शुक्रवार को राजधानी देहरादून में कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन किया और जनसेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की।


राष्ट्रपति निकेतन और तपोवन का भव्य उद्घाटन

शुक्रवार को राष्ट्रपति मुर्मू ने 'राष्ट्रपति निकेतन' और 'राष्ट्रपति तपोवन' का औपचारिक उद्घाटन किया। साथ ही ‘राष्ट्रपति उद्यान’ की आधारशिला रखी गई। इन स्थलों को न केवल जैव विविधता के संरक्षण के उद्देश्य से विकसित किया गया है, बल्कि इन्हें आमजन के लिए भी सुलभ बनाया जा रहा है।


राष्ट्रपति निकेतन की स्थापना वर्ष 1976 में राष्ट्रपति के ग्रीष्मकालीन निवास के रूप में हुई थी, जिसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि 1838 तक जाती है, जब यह अंगरक्षक इकाई के लिए ग्रीष्म शिविर था। 21 एकड़ में फैला यह परिसर ऐतिहासिक इमारतों, लिली तालाब, बाग-बगिचों और अस्तबलों से समृद्ध है। इसे 1 जुलाई से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

ree

राष्ट्रपति तपोवन, हिमालय की तलहटी में फैले 19 एकड़ के क्षेत्र में स्थित है। यह क्षेत्र जैव विविधता से भरपूर है, जहां 117 पौधों की प्रजातियां, 52 प्रकार की तितलियां, 41 पक्षी प्रजातियां और 7 जंगली स्तनधारी मौजूद हैं। प्राकृतिक बांस के बागों और एकांत वनस्थली के साथ यह क्षेत्र एक शांत और समृद्ध प्राकृतिक अनुभव प्रदान करता है। यह 24 जून से आम लोगों के लिए खोला जाएगा।

ree

राष्ट्रपति उद्यान, जो 132 एकड़ में फैला है, भविष्य में सार्वजनिक उपयोग हेतु एक अद्वितीय उद्यान बनने जा रहा है। यह न केवल पारिस्थितिकीय उत्तरदायित्व और समावेशिता का मॉडल होगा, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए पूर्णतः सुलभ भी होगा। इसका उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य, संस्कृति और नागरिक गौरव को प्रोत्साहित करना है। यह उद्यान अगले वर्ष जनता के लिए खोला जाएगा।


प्रकृति और ज्ञान का संगम: पुस्तक विमोचन

राष्ट्रपति ने इस अवसर पर 'राष्ट्रपति निकेतन', 'तपोवन' और 'उद्यान' की जैव विविधता पर आधारित एक पुस्तक का भी विमोचन किया। इस पुस्तक में इन तीनों परिसरों में पाई जाने वाली 300 से अधिक वनस्पतियों और 170 से अधिक जीव-जंतुओं की प्रजातियों का वैज्ञानिक विवरण दिया गया है, जिनमें तितलियां, पक्षी और स्तनधारी भी शामिल हैं।

ree

भावुक कर देने वाला पल: दृष्टिबाधित बच्चों की प्रस्तुति

अपने व्यस्त दौरे के बीच राष्ट्रपति मुर्मू, देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (NIEPVD) भी पहुंचीं। इस दौरान उनके जन्मदिन पर दृष्टिबाधित बच्चों ने उनके लिए विशेष सांगीतिक प्रस्तुति दी। जब बच्चों ने ‘तुम जियो हजारों साल...’ और ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाया, तो भावनाओं से अभिभूत होकर राष्ट्रपति की आंखों से आंसू छलक पड़े। यह पल पूरे समारोह को अत्यंत आत्मीय और मानवीय स्पर्श दे गया।

bottom of page