देहरादून पुलिस लाइन में भावनात्मक विदाई, सेवानिवृत्त कर्मियों को मिली सम्मान की सौगात
- ANH News
- 31 जुल॰
- 2 मिनट पठन

31 जुलाई 2025: आज पुलिस लाइन देहरादून में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जुलाई माह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक जया बलूनी देहरादून की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश जया बलूनी ने सेवानिवृत्त हो रहे सभी पुलिसकर्मियों को उनके दीर्घकालिक सेवा योगदान हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने शॉल, स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट कर सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदा किया।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान आए अनुभव, चुनौतियाँ और उनके समाधान से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग सभी के साथ साझा किए। इन अनुभवों को सुनकर उपस्थित पुलिसकर्मी भी भावुक हो उठे और उनमें अपने कर्तव्यों को निष्ठा, ईमानदारी व सेवा भाव से निभाने की प्रेरणा मिली।
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का अनुभव पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर है, जिससे वर्तमान और आने वाली पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि पुलिस परिवार भविष्य में भी सेवानिवृत्त साथियों की हर संभव सहायता हेतु तत्पर रहेगा।
आज सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों का विवरण इस प्रकार है –
1. श्री विक्रम सिंह
पद: मुख्य आरक्षी, नागरिक पुलिस
सेवाकाल: कुल 41 वर्ष 02 माह 12 दिन
सेवा क्षेत्र: जनपद टिहरी, पौड़ी, चमोली एवं देहरादून
2. श्री भारत सिंह (भूतपूर्व सैनिक)
पद: मुख्य आरक्षी, सशस्त्र पुलिस
सेवाकाल: कुल 16 वर्ष 07 माह 25 दिन
सेवा क्षेत्र: हरिद्वार एवं देहरादून
3. श्री सहदेव सिंह (भूतपूर्व सैनिक)
पद: मुख्य आरक्षी, सशस्त्र पुलिस
सेवाकाल: कुल 16 वर्ष 07 माह 25 दिन
सेवा क्षेत्र: हरिद्वार एवं देहरादून
4. श्री अशोक कुमार
पद: मुख्य आरक्षी (तकनीकी)
सेवाकाल: कुल 35 वर्ष 10 दिन
सेवा क्षेत्र: पीएमटी सीतापुर, पीएमटी लखनऊ, पीएमटी वाराणसी, आईआरबी प्रथम रामनगर (नैनीताल) एवं देहरादून
5. श्री जगत सिंह
पद: कुक
सेवाकाल: कुल 32 वर्ष 16 दिन
सेवा क्षेत्र: जनपद देहरादून
अन्य उपस्थिति:
इस विदाई समारोह में प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन देहरादून, सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के परिजन, एवं पुलिस परिवार के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण भावनात्मक एवं गरिमापूर्ण रहा, जिसमें विभागीय सहयोग, समर्पण और सेवा के प्रति सम्मान का भाव झलकता रहा। सभी उपस्थित जनों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।





