घर पर तिरंगा फहराएं सेल्फी लेकर अपलोड करे...., मुख्यमंत्री धामी ने की अपील
- ANH News
- 5 अग॰
- 1 मिनट पठन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ महाअभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराएं, उसके साथ सेल्फी लेकर इस देशभक्ति के संदेश को व्यापक स्तर पर फैलाएं और उक्त सेल्फी को आधिकारिक वेबसाइट http://harghartiranga.com पर अपलोड करें।
सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए संदेश में लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आज पूरे देश के लिए गर्व, एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का एक सशक्त प्रतीक बन चुका है। यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि भारत के 140 करोड़ नागरिकों के हृदय में देशभक्ति की अग्नि को प्रज्वलित करने वाला एक विशाल जनांदोलन है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त होती है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र, संस्कृति और इतिहास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अनुरोध किया कि वे इस अभियान को अपने परिवारों, समाज और पड़ोस में भी फैलाएं ताकि यह राष्ट्रीय भावना और गर्व की लौ हर कोने तक पहुंचे।





