top of page

ऑपरेशन सिंदूर की गूंज देहरादून तक, मंदिरों में पूजा और सड़कों पर 'भारत माता की जय' के नारे

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 7 मई
  • 2 मिनट पठन

देहरादून की फिजा बुधवार सुबह देशभक्ति से सरोबार हो गई, जब भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से सड़कों का माहौल गूंज उठा। यह दृश्य भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए "ऑपरेशन सिंदूर" की सफलता के उपलक्ष्य में देखने को मिला। लोगों के चेहरों पर गर्व, आस्था और संतोष का भाव स्पष्ट झलक रहा था।


गढ़ी कैंट में सेना को दी गई बधाई, बोले – आतंकवाद का अंत ज़रूरी

देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र में वरिष्ठ योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी के सानिध्य में एक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शिक्षक और छात्रों ने भाग लिया। इस मौके पर भारतीय सेना को खुले दिल से बधाई दी गई।



डॉ. जोशी ने कहा,

"आतंकवाद अब समाप्त होना ही चाहिए। हर आतंकवादी को ज़मीन में गाड़ने तक यह कार्रवाई चलती रहनी चाहिए। भारतीय सेना ने जो साहसिक कदम उठाया है, वह हर देशवासी के लिए गर्व का विषय है।"


शिक्षकों और छात्रों ने बढ़ाया हौसला

इस रैली में कई विद्यालयों के प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारी सेना की शौर्य गाथा को नमन करने का है। उन्होंने अपने विद्यार्थियों को भी देशभक्ति और सेना के प्रति सम्मान का संदेश दिया।



टपकेश्वर महादेव में किया गया विशेष दुग्धाभिषेक

देश की रक्षा में लगे जवानों की सफलता और सुरक्षा के लिए आज देहरादून के पौराणिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ का विशेष दुग्धाभिषेक किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भारतीय सैनिकों की सफलता, लंबी उम्र और विजय की प्रार्थना की। पूजा अर्चना के दौरान देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगे जवानों की अग्निपरीक्षा जैसे मिशनों में सफलता की कामना की गई।


ऑपरेशन सिंदूर की सफलता केवल सैन्य विजय नहीं, बल्कि जन भावनाओं, श्रद्धा और राष्ट्रीय एकता की जीत है। देहरादून ने जिस तरह से अपनी सेना के लिए सम्मान, समर्थन और कृतज्ञता जताई, वह देश के हर नागरिक के दिल में देशभक्ति की लौ को और प्रज्वलित करता है।

bottom of page