top of page

राष्ट्रीय खेलों में कर्नाटक और हरियाणा ने हॉकी में लहराया परचम, कुश्ती में उत्तम ने जीता गोल्ड

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 15 फ़र॰
  • 2 मिनट पठन


ree

38वें राष्ट्रीय खेलों के आखिरी दिन, उत्तराखंड के उत्तम ने कुश्ती के 130 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। इसके साथ ही हॉकी के पुरुष वर्ग में कर्नाटक और महिला वर्ग में हरियाणा की टीम ने चैंपियन का ताज पहना। विजेता खिलाड़ियों और टीमों को समर्पण और उत्कृष्टता के लिए पदक और सम्मान से नवाजा गया।


वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिला और पुरुष दोनों वर्गों में दिलचस्प मुकाबले हुए। महिला वर्ग का फाइनल मैच मध्य प्रदेश और हरियाणा के बीच खेला गया, जिसमें हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से मध्य प्रदेश को हराया। हरियाणा की टीम से चौधरी महिमा ने 1 गोल, इशिका ने 2 गोल और मोनिका ने 1 गोल किया। मध्य प्रदेश के टीम से ऐश्वर्या चावन ने एकमात्र गोल किया।


पुरुष वर्ग के फाइनल में कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें कर्नाटक ने रोमांचक मैच में 3-2 से उत्तर प्रदेश को हराया। कर्नाटक के लिए समंथ सीएस, भरत मलिंगप्पा और अभारन सुदेव बी ने एक-एक गोल किया। उत्तर प्रदेश की टीम से विष्णुकांत सिंह और फराज खान ने एक-एक गोल किया।


महिला वर्ग में तीसरे और चौथे स्थान के लिए झारखंड और महाराष्ट्र के बीच मुकाबला हुआ। झारखंड ने 2-1 से जीत हासिल की। झारखंड के लिए परमोदनी लखरा और अलबेला रानी टोपो ने गोल किए। महाराष्ट्र की ओर से तन्नु श्री दिनेश कडू ने 1 गोल किया। पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान के लिए महाराष्ट्र और पंजाब के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें महाराष्ट्र ने 1-0 से जीत दर्ज की। महाराष्ट्र के वेंकटेश कैंचे ने एकमात्र गोल किया।


कुश्ती में उत्तराखंड के उत्तम ने 130 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी जीत का परचम लहराया। एसएससीबी के प्रेम ने रजत और महाराष्ट्र के दिग्विजय और हरियाणा के अंकुश ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 74 किलोग्राम भार वर्ग में एसएसबी के जयदीप ने गोल्ड, महाराष्ट्र के आदर्श ने सिल्वर और दिल्ली के गौरव एवं कर्नाटक के रोहन ने कांस्य पदक जीते। 60 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के साहिल ने स्वर्ण, दिल्ली के शुभम ने रजत और एसएससीबी के प्रवीन एवं महाराष्ट्र के हितेश ने कांस्य पदक हासिल किया।


महिला कुश्ती में भी कई बेहतरीन प्रदर्शन हुए। 53 किलोग्राम भार वर्ग में महाराष्ट्र की स्वाति ने स्वर्ण पदक जीता, मध्यप्रदेश की पूजा ने रजत और गुजरात की हिना बैन एवं हरियाणा की ज्योति ने कांस्य पदक हासिल किया। 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में हरियाणा की तपस्या ने स्वर्ण, गुजरात की भाविका ने रजत और चंडीगढ़ की नीतू तथा महाराष्ट्र की असलेशा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।


इस शानदार दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता पुष्कर धामी और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने पुरुष हॉकी के फाइनल का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। हॉकी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और सुबोध उनियाल ने किया।

bottom of page