उत्तराखंड वन विभाग में प्रमोशन की बहार, 76 अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी, आदेश जारी
- ANH News
- 23 जून
- 2 मिनट पठन

देहरादून। उत्तराखंड वन विभाग में पदोन्नति की राह देख रहे अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। विभाग में लंबे समय से लंबित चल रही पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाते हुए 76 वन दरोगाओं को उप वन क्षेत्राधिकारी (एसडीएफओ) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस संबंध में अपर प्रमुख वन संरक्षक मीनाक्षी जोशी द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि यह पदोन्नति पदोन्नति समिति (DPC) की सिफारिशों के आधार पर की गई है। पदोन्नति प्राप्त कार्मिकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने वर्तमान तैनाती स्थल पर ही पदोन्नत पद पर कार्यभार ग्रहण करें। हालांकि, स्थायी तैनाती के आदेश अलग से जल्द जारी किए जाएंगे।
अपर प्रमुख वन संरक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई कार्मिक पदोन्नति स्वीकार नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध 'उत्तराखंड राज्यधीन सेवाओं में पदोन्नति का परित्याग नियमावली, 2024' के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पदोन्नति का उल्लेख संबंधित कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका (Service Book) में विधिवत रूप से दर्ज किया जाएगा।
इन अधिकारियों को मिली पदोन्नति:
पदोन्नत होने वालों में देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, अल्मोड़ा, टिहरी और अन्य जिलों से संबंधित अनुभवी वन दरोगा शामिल हैं। जिन प्रमुख नामों को पदोन्नति मिली है, उनमें शामिल हैं:
प्रवीण सिंह, शिव प्रसाद भट्ट, भजन सिंह रावत, दयालाल, जगत सिंह, दीप चंद्र पांडे, राधिका जोशी, किशन चंद्र भगत, चंदन राम, चंद्र शेखर उप्रेती, भगवती उपाध्याय, लीला मठपाल, तारा दत्त सेमवाल, गणेश दत्त सती, सोबन राम, कमल किशोर, मंजू बहुगुणा, होरी लाल, देवकी नंदन सहित कुल 76 अधिकारियों को इस सूची में स्थान मिला है।
इस पदोन्नति से जहां वन विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, वहीं लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को भी सम्मान और उत्तरदायित्व का अवसर प्राप्त होगा। विभागीय स्तर पर इसे एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल भी ऊँचा होगा।





