top of page

UCC और भू-कानून की खूबियों को जन-जन तक पहुंचाएगी पार्टी: BJP अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 5 मार्च
  • 2 मिनट पठन



उत्तराखंड: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) और भू-कानून की खूबियों को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ काम करें।


महेंद्र भट्ट यह आह्वान प्रदेश पार्टी मुख्यालय से आयोजित वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करते हुए कर रहे थे। इस बैठक में पार्टी के विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी, सह प्रभारी और मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी शामिल थे। बैठक में संगठन पर्व कार्यक्रम की विस्तार से समीक्षा की गई और साथ ही अटल जन्मशताब्दी वर्ष कार्यक्रम, संविधान गौरव अभियान, महिला दिवस सहित अन्य कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।


प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, "हमें जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों को जनता तक पहुंचाना है। प्रदेशवासियों की जनभावनाओं और अपेक्षाओं की पूर्ति करने के लिए भू-कानून लाना हमारे सरकार के लिए अहम कदम है। लंबे समय से प्रदेश की भू-संपदा और देवभूमि स्वरूप के संरक्षण के लिए इस तरह के कानून की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।"


उन्होंने आगे कहा, "मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा चुनावों में इस कानून को लागू करने का संकल्प लिया था, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस प्रक्रिया में लगने वाले समय का लाभ राजनीतिक लाभ के लिए उठा रही थी। आज भी उनके नेता इस मुद्दे पर भ्रम, झूठ और अफवाह फैला रहे हैं।"


महेंद्र भट्ट ने यूसीसी और भू-कानून को विधानसभा स्तर पर समाज के सभी वर्गों के बीच पहुंचाने के लिए बड़े जनभागीदारी कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया।


प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने संगठन पर्व के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए और पार्टी के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की समीक्षा की। साथ ही आगामी कार्यक्रमों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए।


अजेय कुमार ने अटल शताब्दी वर्ष के तहत सुशासन दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखलाओं को पुनः गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अटल जी से जुड़ी गोष्ठियां, साहित्य, स्मृतियों का संकलन, विचार गोष्ठी और उनके जीवनवृत पर आधारित कार्यक्रमों की गति को तेज किया जाए।


उन्होंने आगामी आठ मार्च को महिला दिवस पर महिला मोर्चा, महिला विधायक और पदाधिकारियों को जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने का भी आग्रह किया।


बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया। बैठक में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री और विधायक गणेश जोशी, पार्टी विधायक और अन्य पदाधिकारी भी शामिल थे।

bottom of page