top of page

एअर इंडिया हादसा: विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने क्रैश स्थल पहुँचे, घायल लोगों से भी मिलें

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 13 जून
  • 2 मिनट पठन


ree

अहमदाबाद: गुरुवार को हुए भीषण विमान हादसे की घटना के बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रैश स्थल का दौरा किया। इस दर्दनाक हादसे में कुल 266 लोगों की जान चली गई, जिनमें 241 यात्री विमान में सवार थे, जबकि 25 स्थानीय लोग विमान के मेघाणीनगर स्थित हॉस्टल पर गिरने से हताहत हुए।


प्रधानमंत्री मोदी के साथ नागरिक उड्डयन मंत्री रामनोहन नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी घटनास्थल पर पहुंचे। पीएम ने सबसे पहले उस हॉस्टल स्थल का निरीक्षण किया, जहां विमान क्रैश हुआ था, और फिर अधिकारियों से बचाव कार्यों, राहत प्रयासों और हताहतों की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके बाद अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने विमान हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से भी बात की। पीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों के परिवारों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए और घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो।


एअर इंडिया द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, AI-171 फ्लाइट गुरुवार को दोपहर 13:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। यह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान था, जिसमें 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिक, और बाकी ब्रिटेन, कनाडा, पुर्तगाल जैसे देशों के यात्री शामिल थे। टेकऑफ के कुछ मिनटों बाद ही तकनीकी खराबी के चलते विमान ने नियंत्रण खो दिया और मेघाणीनगर क्षेत्र के एक छात्रावास भवन पर आकर गिर गया।

ree

इस दर्दनाक घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद से पूरे देश में शोक की लहर है।


एअर इंडिया ने यात्रियों और पीड़ितों के परिजनों की मदद के लिए अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर विशेष सहायता केंद्र (Help Desks) स्थापित किए हैं, ताकि उन्हें तत्काल आवश्यक सूचना, कागजी कार्यवाही, और भावनात्मक सहयोग प्रदान किया जा सके।

 
 
bottom of page