top of page

चारधाम के लिए आज फिर से शुरू हेली सेवा, मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के कड़े निर्देश जारी किए

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 17 जून
  • 2 मिनट पठन

ree

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए मंगलवार से हेलीकॉप्टर सेवा पुनः संचालित की जाएगी। यह सेवा 15 जून को केदारनाथ धाम क्षेत्र में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की सीईओ सोनिका ने पुष्टि की है कि आवश्यक तैयारियों के बाद चारधाम हेली सेवा दोबारा शुरू हो रही है।


हेलीकॉप्टर संचालन में सुरक्षा को बनाया गया सर्वोच्च प्राथमिकता:

प्रदेश में हाल की हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं को गंभीरता से देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेली सेवा संचालन के संबंध में कड़े और विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में हेली सेवाओं के संचालन के लिए एक सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी, जिसमें निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया जाएगा:


-हेलीकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूर्ण और नियमित जांच अनिवार्य होगी।


-उड़ान भरने से पूर्व मौसम की सटीक और विश्वसनीय जानकारी लेना आवश्यक होगा।


-उड़ान सुरक्षा के लिए सभी संबंधित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।


तकनीकी विशेषज्ञों की समिति गठित, एसओपी तैयार करेगी:

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि वे तकनीकी विशेषज्ञों की एक विशेष समिति गठित करें। इस समिति का कार्य होगा हेली संचालन की सभी तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की गहन समीक्षा करना और इस आधार पर सुरक्षा मानकों पर आधारित एसओपी का निर्माण करना। समिति यह सुनिश्चित करेगी कि हेलीकॉप्टर सेवा पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और मानक अनुरूप हो।


दुर्घटनाओं की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन:

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि राज्य में पूर्व में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की जांच के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति आज की हेलीकॉप्टर दुर्घटना की गहनता से जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इस समिति का उद्देश्य दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का पता लगाना और दोषी व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश करना होगा।


तीर्थाटन और आपातकालीन सेवाओं में हेलीकॉप्टर सेवा का अहम योगदान:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा प्रदेश के तीर्थाटन, आपदा प्रबंधन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए, इन सेवाओं में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी ताकि यात्रियों और आम जनता को सुरक्षित, भरोसेमंद और समयबद्ध सेवा प्रदान की जा सके।

 
 
bottom of page