top of page

थराली में निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त होने पर तीन अभियंता निलंबित, मुख्यमंत्री ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 7 जून
  • 2 मिनट पठन

ree

चमोली जनपद के थराली विकासखंड स्थित रतगांव में प्राणमति नदी पर निर्माणाधीन 60 मीटर लंबे वैली ब्रिज के क्षतिग्रस्त हो जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में लोक निर्माण विभाग (PWD) के तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने आदेश जारी करते हुए थराली के अधिशासी अभियंता दिनेश मोहन गुप्ता, कर्णप्रयाग के अधिशासी अभियंता नवीन लाल, तथा थराली के सहायक अभियंता आकाश हुड़िया को निलंबित किया है। यह कदम पुल निर्माण में संभावित लापरवाही और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठाया गया है।


उल्लेखनीय है कि यह पुल रतगांव की चार हजार से अधिक आबादी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिसका निर्माण कार्य बुधवार को क्षतिग्रस्त हो गया था। यह दुर्घटना निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निगरानी और ज़िम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


मुख्यमंत्री धामी ने इस घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और कर्तव्यों में लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है। शासन प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने हर स्तर पर सजगता बरतने का संदेश दिया है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा:

"प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों के प्रति पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। यदि कोई भी व्यक्ति अपने कर्तव्यों में लापरवाही करता है या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसे किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।"


यह कार्रवाई प्रदेश सरकार के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसके अंतर्गत उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त और प्रशासनिक दृष्टि से उत्तरदायी राज्य बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 
 
bottom of page