दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने जताई यमुना स्वच्छता की प्रतिबद्धता, धर्मनगरी में किया गंगा स्नान
- ANH News
- 3 जून
- 3 मिनट पठन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कनखल में आयोजित वात्सल्य गंगा आश्रय के लोकार्पण समारोह के दौरान कहा कि संतों की कामना के अनुरूप वह भी चाहती हैं कि एक दिन यमुना नदी में भी पवित्र स्नान हो सके। इसके लिए यमुना नदी की स्वच्छता को लेकर पूरे कार्यकाल में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने पहली बार धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा स्नान किया है और इसी पावन स्थान से संकल्पित होकर संतों के आशीर्वाद से अपने कार्यों को आगे बढ़ाएंगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि धर्मनगरी में संतों का सान्निध्य पाकर उन्हें गहरा आध्यात्मिक अनुभव हुआ। उन्होंने ‘दीदी मां’ साध्वी ऋतंभरा के स्नेहिल और वात्सल्यपूर्ण भाव के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें दिल्ली के लिए प्रेरणा स्त्रोत बताया।
इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि की गरिमा और उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के संकल्प को पुनः दोहराया। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड के सभी प्रमुख धार्मिक स्थल निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर हैं और विश्व पटल पर अपनी पहचान मजबूती से स्थापित कर रहे हैं। संतों और स्थानीय जनमानस के सहयोग से धार्मिक स्थलों का संवर्धन हो रहा है, जिससे पर्यटन को भी नया विस्तार मिल रहा है। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास की जो प्रगति हुई है, उसे विश्व भर में सराहना मिल रही है।
इस कार्यक्रम में महामंडलेश्वर परमानंद महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम धामी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी बदलती जनसंख्या संरचना (डेमोग्राफी) को सुधारने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीएम के लिए सौभाग्य की बात है कि उनके पास दो प्रेरणादायक मुख्यमंत्री और एक उत्कृष्ट प्रधानमंत्री जैसे नेता हैं। महामंडलेश्वर ने कई प्रेरक और रचनात्मक कथाओं का वर्णन कर कार्यक्रम को समृद्ध बनाया।
साध्वी ऋतंभरा ने संत-महंतों और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस दशा में देश आज प्रगति कर रहा है, वह पूर्वजों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि देवभूमि से पूरे देश को यूसीसी जैसे कानून की प्रेरणा मिली है, जिसे देश भर में लागू करने की आवश्यकता है। साध्वी ने सीएम धामी की प्रशंसा करते हुए दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से भी अपेक्षा जताई कि वे नारी समाज के सम्मान के लिए अपने दायित्वों का संपूर्ण निर्वाह करेंगी। साध्वी ऋतंभरा ने राम मंदिर आंदोलन और कारसेवा के विभिन्न दौरों को याद करते हुए भावुक स्वर में अपनी बातें रखीं।
कार्यक्रम में साध्वी निरंजन ज्योति, महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, विशोकानंद महाराज, महामंडलेश्वर ज्योर्तिमयानंद, साध्वी गंगा दास, महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद, आचार्य बालकृष्ण सहित बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु मौजूद थे।
काफिले में वाहन टक्कर की घटना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उत्तराखंड यात्रा के दौरान उनके काफिले में शामिल तीन वाहनों के आपस में टकराने की घटना सामने आई। यह दुर्घटना हरिद्वार से लगभग 10 किलोमीटर पहले हुई। बताया जा रहा है कि काफिले में किसी वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल रहे मीडियाकर्मियों के वाहन आपस में टकरा गए। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि जिस वाहन ने अचानक ब्रेक लगाया वह काफिले का हिस्सा नहीं था। इस घटना के बावजूद सीएम रेखा गुप्ता की यात्रा सुचारू रूप से जारी रही।





