मोदी सरकार के 11 वर्षों में हुआ भारत का कायापलट, सीएम धामी ने किया सलाम, बताया देश का स्वर्णिम काल
- ANH News
- 11 जून
- 3 मिनट पठन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोदी सरकार के 11 वर्षों के सफल कार्यकाल को लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विस्तार से अपने विचार प्रकट किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति में ‘परफॉर्मेंस ऑफ पॉलिटिक्स’ की एक नई संस्कृति स्थापित की है, जिसने सरकार के अर्थ को पूरी तरह बदल कर रख दिया है। अब सरकार रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के संकल्प के साथ काम कर रही है और जन सहभागिता शासन की आत्मा बन चुकी है।
सीएम धामी ने बताया कि पीएम मोदी का कार्यकाल भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी इसी विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे रहा है। प्रदेश के हर ग्राम, तहसील और शहर का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए 10 वर्ष का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

धामी ने यह भी बताया कि मोदी जी ने यह सफलता अकेले नहीं बल्कि पूरे देश के 140 करोड़ लोगों के परिश्रम, त्याग और सपनों को आगे बढ़ाते हुए हासिल की है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग के लिए देश को विकसित बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले यह सोच थी कि कुछ काम संभव नहीं, लेकिन अब ‘मोदी है तो मुमकिन है’ की सोच देश की नई पहचान बन गई है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में प्रगति
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में जारी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के निर्माण की जानकारी देते हुए कहा कि रेल मंत्रालय के साथ बातचीत के अनुसार, अक्टूबर 2026 तक इस रेल सेवा का चरणबद्ध परिचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के हर क्षेत्र में तेज़ी से विकास कार्य चल रहे हैं।
भ्रष्टाचार से विकास की ओर
धामी ने 2014 से पहले के दौर की तुलना करते हुए कहा कि पहले भ्रष्टाचार, घोटाले और तुष्टिकरण का बोलबाला था, जबकि अब मोदी सरकार में विकास, नवाचार और आविष्कार के नए आयाम खुले हैं। उन्होंने बताया कि आज सीधे जनता के खातों में लाभकारी योजनाओं का पैसा पहुंच रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज हो रहा है और रक्षा क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर और बदलता भारत
सीएम ने कहा कि ‘भारत मेक इन इंडिया, पाकिस्तान टेस्टेड और वर्ल्ड ट्रस्टेड’ बन चुका है। आतंकवादी हमलों पर अब युद्ध स्तर की कार्रवाई की जाएगी। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि हमारे साहस, संकल्प और बदलते भारत की सच्ची तस्वीर है।
कांग्रेस राज की तुलना में मोदी सरकार का विकास
धामी ने कांग्रेस सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि इंदिरा गांधी से लेकर मनमोहन सिंह तक केवल गरीबी हटाने के नारे दिए गए, लेकिन अब मोदी सरकार की मेहनत से 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। आज भारत का गरीब केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि नीति निर्माण का केंद्र है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में क्रांति
मुख्यमंत्री ने बताया कि मोदी सरकार ने देश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति दी है। 99 प्रतिशत गांव अब सड़कों से जुड़े हैं, रोजाना 34 किलोमीटर हाईवे बन रहे हैं और रेल व हवाई संपर्क भी तेजी से बढ़ रहे हैं। साथ ही, ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में भारत की रैंकिंग 142 से बढ़कर 63 हो गई है, जो देश की व्यापारिक क्षमता और विकास को दर्शाता है।





