कड़े पहरे में संपन्न होगी कावड़ यात्रा, डीएम स्वाति भदौरिया और कप्तान लोकेश्वर सिंह ने अधिकारियों के साथ की बैठक
- ANH News
- 6 जुल॰
- 2 मिनट पठन

ऋषिकेश: कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक सभी पूरी तरह से सतर्क है। कावड़ यात्रा 10 जुलाई से 23 जुलाई तक चलने वाली हैं। महादेव के भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए हरसंभव सुरक्षा सुनिश्चितता के लिए कई योजनाए बनाई जा रही हैं।
कावड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और अन्य तमाम व्यवस्था को पूरा करने के लिए डीएम स्वाति एस भदौरिया और पुलिस कप्तान लोकेश्वर सिंह ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। दोनों अधिकारियों ने शनिवार को ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं को देखा। कावड़ियों के लिए मुख्य रूप से पीने का पानी, शौचालय और उनके वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था पर अपनी नजर घुमाई।
प्रशासन के मुताबिक अभी तक 1500 फोर व्हीलर और 4000 से अधिक टू व्हीलर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था नीलकंठ क्षेत्र में हो गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। 23 सेक्टर और 7 जोन में विभाजित नीलकंठ कांवड़ यात्रा में इस बार बेहद ज्यादा सुधार दिखाई देने की भी उम्मीद है। क्योंकि डीएम और पुलिस कप्तान ने मंदिर समिति प्रशासन के साथ भी बैठक कर तमाम मुद्दों पर गहन चर्चा की है।

इसके अलावा नीलकंठ और लक्ष्मण झूला के व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के साथ भी बैठक कर कई अहम निर्णय लिए गए हैं और कई सुझाव भी प्रशासन ने लिए हैं। डीएम ने बताया कि कावड़ियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। मूलभूत सुविधाओं को पूरा किया जा रहा है।
पुलिस कप्तान लोकेश्वर सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहेगी। 1000 पुलिसकर्मियों के कड़े पहरे में कावड़ यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराई जाएगी।





