top of page

परमार्थ निकेतन में गूंजी श्रीराम कथा, लोकमाता अहिल्याबाई को दी गई श्रद्धांजलि

  • लेखक की तस्वीर: ANH News
    ANH News
  • 26 मई
  • 1 मिनट पठन
ree

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन के पावन गंगा तट पर आयोजित श्रीराम कथा कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने सहभागिता की। वे राज्य में विद्यालयी शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।


कार्यक्रम के दौरान परमार्थ प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन से जुड़े प्रेरणास्पद विचार रखे। उन्होंने कहा,


"अहिल्याबाई ने न केवल समाज को एक नई दिशा दी, बल्कि नारी नेतृत्व को भी एक नई ऊँचाई प्रदान की। जब राजधर्म में लोकधर्म का समावेश होता है, तभी शासन 'सेवा' बनता है और वहीं से स्थायी सामाजिक परिवर्तन की नींव पड़ती है।"


इस अवसर पर मंत्री मदन दिलावर ने राजस्थान सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के लिए चलाए जा रहे आंदोलनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में प्लास्टिक और थर्माकोल से बने डिस्पोजल पर प्रतिबंध का प्रयास चल रहा है।


"इनसे न केवल पर्यावरण को नुकसान होता है, बल्कि इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। समाज को इनका विकल्प अपनाना होगा।"


गंगा आरती के दौरान कई गणमान्य अतिथियों ने अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि दी। इनमें कथावाचक मुरलीधर, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री महिला मोर्चा दीप्ति रावत, भाजपा कोटद्वार जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, और विधायक रेनू बिष्ट शामिल रहे।


कार्यक्रम के अंत में सबने मिलकर गंगा तट पर दीप जलाकर आरती की और अहिंसा, सेवा व स्वच्छता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

bottom of page