IPS लोकेश्वर सिंह ने दिया इस्तीफा, अंतरराष्ट्रीय संगठन में निभाएंगे नई भूमिका
- ANH News
- 16 अक्टू॰
- 2 मिनट पठन

आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह ने मंगलवार को पुलिस सेवा से औपचारिक रूप से त्यागपत्र दे दिया। वर्तमान में वे पौड़ी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर कार्यरत थे। उनके त्यागपत्र को अब राज्य शासन द्वारा प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। यह निर्णय उनकी आगामी अंतरराष्ट्रीय नियुक्ति के मद्देनज़र लिया गया है।
लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है, जहां वे संस्थागत पारदर्शिता, वैश्विक शांति स्थापना और सतत विकास जैसे अंतरराष्ट्रीय लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में अपनी सेवाएं देंगे। इस नई भूमिका के लिए सेवा में रहते हुए त्यागपत्र देना आवश्यक था, जिसे उन्होंने औपचारिक रूप से प्रस्तुत कर दिया है।
डीजीपी दीपम सेठ ने उनके त्यागपत्र की पुष्टि करते हुए उन्हें उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। डीजीपी ने कहा कि लोकेश्वर सिंह की यह नई नियुक्ति भारत के लिए गर्व की बात है, क्योंकि इससे वैश्विक मंच पर देश की उपस्थिति और प्रभाव और भी सशक्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस समर्पण और दक्षता के साथ लोकेश्वर सिंह ने उत्तराखंड में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, उसी निष्ठा के साथ वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।
लोकेश्वर सिंह 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और बीते 11 वर्षों में उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में विभिन्न अहम पदों पर रहते हुए कानून-व्यवस्था की मजबूती और जनसुरक्षा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे संवेदनशील जिलों में उनकी सेवाओं को हमेशा सराहा गया। जनता से जुड़ाव, अपराध नियंत्रण, और प्रशासनिक सूझबूझ के लिए वे पहचाने जाते रहे हैं।
अब, जब वे एक नई अंतरराष्ट्रीय भूमिका की ओर अग्रसर हैं, पूरे राज्य में उनके योगदान और कार्यशैली की चर्चा हो रही है। उनके इस नए सफर के लिए उत्तराखंड पुलिस विभाग के साथ-साथ राज्य के नागरिकों की ओर से भी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी जा रही हैं।





